भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर अनिल कुंबले ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लेकर एक बड़ा दावा किया है. कुंबले का मानना है कि 7 करोड़ रुपये में खरीदे गए वेंकटेश अय्यर को RCB की शुरुआती प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल है. IPL 2026 से पहले कुंबले के इस बयान ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है.
जियो स्टार के एक शो में बातचीत के दौरान अनिल कुंबले ने कहा कि RCB की रणनीति अचानक बदलाव करने की नहीं, बल्कि ट्रॉफी जीतने वाली टीम के कोर को बनाए रखने की है. उन्होंने कहा,
“वेंकटेश अय्यर को शुरुआत में प्लेइंग XI में मौका नहीं मिलेगा. किसी चैंपियन टीम के अंदर आप अनावश्यक संदेह पैदा नहीं करना चाहेंगे.”
कुंबले ने RCB की ऑक्शन रणनीति पर भी विस्तार से बात की. उनके अनुसार फ्रेंचाइज़ी युवा खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है. यही वजह रही कि RCB ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई, ताकि टीम में पहले से मौजूद सुयश शर्मा का आत्मविश्वास बना रहे.
गौरतलब है कि IPL 2026 मिनी ऑक्शन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर दिया था, जिससे टीम का पर्स 23.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. ऑक्शन में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी अय्यर में रुचि दिखाई, लेकिन KKR ने 6.80 करोड़ से आगे बोली नहीं लगाई. आखिरकार RCB ने 7 करोड़ रुपये खर्च कर उन्हें अपने खेमे में शामिल किया.
आईपीएल करियर की बात करें तो वेंकटेश अय्यर अब तक 56 पारियों में 1468 रन बना चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट 137 से ज्यादा का रहा है, जिसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि IPL 2025 में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जहां उन्होंने 7 पारियों में सिर्फ 142 रन बनाए.


Leave a Reply