तालाब पर एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया : गुरजीत सिंह
असंध, 12 नवंबर: ग्राम पंचायत शेखुपुरा स्वच्छता और विकास के प्रति निरंतर अग्रसर है। सरपंच प्रतिनिधि गुरजीत सिंह विर्क ने बताया कि पंचायत गांव के विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मूनक उमेद सिंह और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कंचनलता के मार्गदर्शन में किए जा रहे हैं। गांव के मुख्य तालाब के चारों ओर टहलने योग्य पटरी का निर्माण किया गया है ताकि ग्रामीण सुबह-शाम वहां भ्रमण कर सकें। बरसात के मौसम में इस पटरी पर उगी घास को कई बार साफ किया गया, किंतु पुनः उग आने पर बुधवार को सफाई कर्मचारियों व ग्रामीणों ने मिलकर एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया और तालाब परिसर को पूर्ण रूप से स्वच्छ कर दिया।
गुरजीत सिंह विर्क ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा समय-समय पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लोगों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत की शामलात भूमि से होने वाली आय लगभग शून्य है, फिर भी अब तक जो भी विकास कार्य हुए हैं, वे सरकारी सहयोग और योजनाओं के बल पर संभव हुए हैं।
उन्होंने बताया कि विधायक योगेंद्र राणा को गांव की विभिन्न विकास आवश्यकताओं के संबंध में अवगत कराया गया है, विशेष रूप से अनुसूचित जाति समुदाय की दो नई चौपालों बाल्मिकी समाज और चमार समाज के निर्माण के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। साथ ही पंचायत द्वारा तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए उसके चारों ओर पेड़-पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का प्रस्ताव खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मूनक को भेजा गया है।
सरपंच प्रतिनिधि ने कहा कि गांव के कुरलन मार्ग पर लंबे समय से जमा हो रहे गंदे पानी की निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी पंचायत ने मजबूत प्रयास किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि असंध विधायक योगेंद्र राणा, जो हर वर्ग के समान विकास में विश्वास रखते हैं, गांव की आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने में सहयोग करेंगे।


Leave a Reply